उत्तराखंड में मानसून की आहट तेज हो गई है। मौसम के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले एक से दो दिनों के बाद प्रदेशभर में लगातार बारिश का सिलसिला शुरू होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून के सक्रिय होने के साथ अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम और कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश हो सकती है। लगातार वर्षा के चलते प्रदेश के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।
बारिश का दौर शुरू होने के साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका भी बढ़ सकती है। ऐसे में लोगों और यात्रियों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने के बाद आगामी दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में नियमित बारिश देखने को मिल सकती है।
