Uttarakhand: हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, रोडवेज बस और पिकअप की टक्कर में तीन की मौत

हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 4:30 बजे श्यामपुर थाना क्षेत्र के पास उस समय हुआ, जब टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और एक पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के दौरान दो लोग फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, हादसे में अहान (18 वर्ष) निवासी बढ़ापुर, नजीबाबाद, फहीम (35 वर्ष) समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मृतक अहान के माता-पिता शराफत और शबाना भी गंभीर रूप से घायल हैं। अन्य घायलों में सोहने लाल, अनु और समीम शामिल हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार हादसे का संभावित कारण मानी जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने मृतकों और घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *