Uttarakhand: केतन हत्याकांड पर सरकार को घेरा, कार्रवाई नहीं होने तक चुप नहीं बैठेंगे: चंद्रशेखर आजाद

केतन हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले को रविवार को हरिद्वार के शंकराचार्य चौक पर पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान कुछ देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

पुलिस की और से रोके जाने के बाद सांसद चंद्रशेखर आजाद वाहन से उतरकर पैदल आगे बढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिससे कुछ समय तक खींचतान की स्थिति बनी। इसके बाद सांसद सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने उनसे वार्ता कर माहौल शांत कराने का प्रयास किया।

इस दौरान बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी मौके पर पहुंच गए, जिससे शंकराचार्य चौक पर काफी देर तक हाई वोल्टेज माहौल बना रहा।

इस मौके पर सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि केतन हत्याकांड में जब तक उत्तराखंड सरकार ठोस कार्रवाई नहीं करेगी, तब तक वह चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है।

वहीं, खानपुर विधायक उमेश कुमार भी उनके साथ मौजूद रहे। पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई ताकि कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *