टिहरी जिले की गूलर घाटी में मंगलवार सुबह हरिद्वार से चमोली के कर्णप्रयाग जा रही यात्री बस करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में नौ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, बस गूलर के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और दुर्गम परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया।

संयुक्त अभियान के दौरान 26 घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में नौ यात्रियों की जान चली गई। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।