कुमारी सैलजा के उत्तराखण्ड दौरे के तहत स्वराज आश्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक से पूर्व पार्टी नेताओं द्वारा प्रदेश प्रभारी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए कुमारी सैलजा ने आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए राजनीतिक, सामाजिक और संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने और आपसी समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने की आवश्यकता है, जिससे आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, मनोज यादव, सीडब्ल्यूसी सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश तथा पूर्व विधायक रंजीत रावत सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बैठक में सभी नेताओं ने संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं में समन्वय बढ़ाने और आगामी चुनावों में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया।
