केदारनाथ धाम पैदल मार्ग पर चीरवासा के पास क्षतिग्रस्त हिस्से का शनिवार सुबह छह से नौ बजे तक सुधारीकरण और चौड़ीकरण किया जाएगा। इसके चलते 19 सितंबर को सुबह नौ बजे के बाद ही सोनप्रयाग से यात्रियों को गौरीकुंड और केदारनाथ पैदल मार्ग के लिए रवाना किया जाएगा।
गौरीकुंड से करीब 2.5 किलोमीटर ऊपर चीरवासा के पास बीते दिनों पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था। दिनभर यात्रियों की आवाजाही के कारण मार्ग के सुधारीकरण और चौड़ीकरण का काम प्रभावित हो रहा था। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने सुबह के समय काम पूरा करने का निर्णय लिया है।
मार्ग के सुदृढ़ीकरण के दौरान पुलिस प्रशासन भी सहयोग करेगा। सुबह छह से नौ बजे तक कार्यदायी संस्था की ओर से पैदल मार्ग को चौड़ा और सुरक्षित बनाने का काम किया जाएगा। इसके बाद सोनप्रयाग से यात्रियों को आगे जाने की अनुमति दी जाएगी।
कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस ने स्थानीय स्तर पर अनाउंसमेंट कर यात्रियों को इसकी जानकारी दी है। प्रशासन ने केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं से निर्धारित समय और व्यवस्था का पालन करने की अपील की है, ताकि मार्ग पर यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके।
