हनुमान अंश फिल्म की टीम ने सोमवार को कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीम करौली के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। टीम ने उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और चारधाम यात्रा की सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए देशभर के लोगों से प्रदेश आने की अपील की।

फिल्म अभिनेता शोभिनव सत्या, अभिनेत्री पूर्णिमा तिवारी और प्रोड्यूसर रागिनी सोना ने खटीमा में आयोजित आदि रंगोत्सव-2026 में भी प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड की लोक संस्कृति के विविध रंगों को करीब से देखा। लोकनृत्य, ढोल-दमाऊं और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियों को टीम ने अपने लिए अविस्मरणीय अनुभव बताया।

कैंची धाम में दर्शन के बाद फिल्म टीम के सदस्यों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि धाम में दर्शन की बेहतर व्यवस्थाओं के कारण उन्हें सहजता से बाबा नीम करौली के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त हुआ।

टीम ने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता के साथ ही यहां की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत देश-दुनिया के लोगों को आकर्षित करती है। उन्होंने लोगों से उत्तराखंड आकर चारधाम समेत प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने की अपील की। टीम के सदस्यों ने कहा कि उत्तराखंड से मिला सम्मान, स्नेह और अपनत्व उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा।