रक्षाबंधन के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड की महिलाएं प्रदेश के भीतर उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। इन दोनों दिनों महिलाओं को बस किराये में 100 प्रतिशत छूट मिलेगी।

शासन की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर उत्तराखंड परिवहन निगम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा का खर्च राज्य सरकार परिवहन निगम को प्रतिपूर्ति के रूप में देगी।

रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाएं मायके और परिजनों से मिलने के लिए यात्रा करती हैं। सरकार के इस फैसले से उन्हें सुरक्षित और सुगम सार्वजनिक परिवहन के साथ आर्थिक राहत भी मिलेगी।

शासनादेश में अपर सचिव रीना जोशी ने निगम को आदेश के अनुरूप तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने इस फैसले को महिला सम्मान, सुविधा और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।