उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। अंतिम सूची में प्रदेश के 71,58,949 मतदाता शामिल हैं। इनमें 37,37,701 पुरुष, 34,21,036 महिला और 212 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर यह पुनरीक्षण अभियान आठ जून से शुरू किया गया था।

अभियान शुरू होने के समय प्रदेश में 79,60,762 मतदाता दर्ज थे। गणना फार्म के वितरण और संकलन के बाद 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की गई, जिसमें 71,33,785 मतदाता शामिल थे। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई गईं। 13 अगस्त से 28 सितंबर तक इनका निस्तारण किया गया, जिसके बाद अब अंतिम सूची प्रकाशित की गई है।

अंतिम सूची में पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान 1,29,872 नए मतदाता जोड़े गए, जबकि नियमानुसार 1,04,708 मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए हैं। प्रदेश में वर्तमान में कुल 12,543 मतदेय स्थल हैं।

सूची में 18-19 आयुवर्ग के 72,656 युवा मतदाता शामिल हैं। वहीं 80 वर्ष से अधिक आयु के 1,22,892 मतदाताओं के नाम भी अंतिम सूची में दर्ज हैं।

ऑनलाइन देख सकेंगे मतदाता सूची

अंतिम मतदाता सूची भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voter.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की वेबसाइट ceo.uk.gov.in पर ऑनलाइन देखी जा सकती है। इसके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ), निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) कार्यालय और बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से भी सूची प्राप्त की जा सकती है।

छूटे लोगों को मिलेगा नाम जुड़वाने का मौका

अंतिम सूची में किसी कारणवश नाम शामिल नहीं हो पाने वाले लोग फार्म-6 भरकर ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बीएलओ के जरिए ऑफलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इसके लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे और बीएलओ को घर-घर जाकर लोगों को जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।