आगामी कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने मंगलवार को मेला क्षेत्र का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने यात्रा मार्ग, सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए सभी विभागों को 25 जुलाई तक निर्माण एवं व्यवस्थाओं से जुड़े सभी कार्य हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने मनसा देवी हिल बाईपास, मोतीचूर, भूपतवाला, सप्तऋषि आश्रम, पंतद्वीप, लालजीवाला, चंडी चौक, नजीबाबाद रोड, गौरीशंकर तथा नमामि गंगे घाट सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान कांवड़ यात्रा मार्ग, भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक संचालन, सड़क मरम्मत, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपूर्ण कांवड़ यात्रा मार्ग को सुरक्षित, सुगम और गड्ढामुक्त बनाया जाए। जहां भी सड़क मरम्मत या निर्माण कार्य चल रहे हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए सभी विभाग पूरी गंभीरता और समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

उन्होंने भीड़ एवं यातायात प्रबंधन को मेले की सफलता का प्रमुख आधार बताते हुए संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, डायवर्जन और सूचना संकेतक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को संयुक्त रूप से नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी और समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान सीवर लाइन निर्माण और रिंग रोड परियोजना के कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि निर्माण कार्यों के कारण कांवड़ यात्रा मार्ग बाधित न हो और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्थाएं की जाएं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात संचालन की तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक संवेदनशील स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सतत निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल सके।

निरीक्षण के दौरान एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हरगिरी, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सीओ ट्रैफिक बिपेंद्र सिंह सहित पुलिस, प्रशासन और एनएचएआई के अधिकारी मौजूद रहे।