मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) के पांच साल के कार्यकाल को प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी बताते हुए शिक्षा, युवा प्रोत्साहन, महिला सशक्तीकरण और पूर्व सैनिकों के कल्याण में उनके योगदान की सराहना की। शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में राज्यपाल के सम्मान में आयोजित विदाई समारोह में मुख्यमंत्री ने उन्हें सफल कार्यकाल के लिए बधाई दी और उनके स्वस्थ व सुखमय भावी जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल ने अपने अनुभव, दूरदर्शी सोच, अनुशासन और सकारात्मक दृष्टिकोण से प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों को नई दिशा दी। उन्होंने शिक्षा और उच्च शिक्षा में गुणवत्ता, शोध व कौशल विकास को प्रोत्साहित करने के साथ युवाओं को नवाचार, उद्यमिता और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया। महिला सशक्तीकरण और समाज के सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास भी उल्लेखनीय रहे।
सीएम धामी ने कहा कि राज्यपाल ने उत्तराखंड की सैन्य परंपराओं और वीर सैनिकों के योगदान को विशेष सम्मान दिया। पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति उनकी संवेदनशीलता तथा युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रनिर्माण की भावना जगाने के प्रयास सराहनीय रहे। उन्होंने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए सरकार, प्रशासन, शैक्षणिक संस्थानों और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच समन्वय स्थापित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल का सरल व्यवहार, सौम्य व्यक्तित्व और उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव सदैव स्मरणीय रहेगा। प्रदेश के विकास और जनकल्याण में उनके योगदान को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।
राज्यपाल ने प्रदेशवासियों का जताया आभार
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने मुख्यमंत्री, प्रदेश सरकार, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न संस्थानों और प्रदेशवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड का राज्यपाल होना उनके लिए गौरव और सौभाग्य की बात रही। पांच वर्षों के कार्यकाल में उन्हें प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, आध्यात्मिक विरासत और प्राकृतिक वैभव को करीब से जानने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों से मिला स्नेह, विश्वास और सहयोग उनके कार्यकाल की अनमोल उपलब्धियां हैं। शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के प्रोत्साहन, पूर्व सैनिकों के सम्मान और जनकल्याण के क्षेत्र में हुए प्रयास सामूहिक सहभागिता का परिणाम रहे। विदाई समारोह के साथ लोक भवन में भी विभिन्न क्षेत्रों के लोगों, गणमान्य व्यक्तियों और अधिकारियों ने उनसे भेंट कर शुभकामनाएं दीं। समारोह में जनप्रतिनिधि, विधायक और प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

