नीट-यूजी 2026 परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने प्रौद्योगिकी संस्थान कोठियालसैंण, गोपेश्वर स्थित परीक्षा केंद्र का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने सुरक्षा, गोपनीयता और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं का किया विस्तृत निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान परीक्षा कक्षों, प्रवेश एवं निकास द्वारों, सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम, जैमर, विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों, प्रतीक्षालय तथा अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
एनटीए के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने केंद्र व्यवस्थापक और संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नीट-यूजी 2026 देश की सबसे प्रतिष्ठित और संवेदनशील परीक्षाओं में शामिल है, इसलिए इसकी गोपनीयता, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए प्रवेश एवं निकास द्वारों पर सघन निगरानी, अभ्यर्थियों की चेकिंग और संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी अवांछनीय गतिविधि, अफवाह या व्यवधान की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
समन्वित प्रयासों से शांतिपूर्ण ढंग से होगी परीक्षा
अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन, पुलिस और परीक्षा आयोजन से जुड़े सभी विभागों के बेहतर समन्वय एवं सुनियोजित तैयारियों के माध्यम से नीट-यूजी 2026 परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी, सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान प्रौद्योगिकी संस्थान कोठियालसैंण के निदेशक अमित अग्रवाल, एसडीएम चमोली राजकुमार पाण्डेय, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

