उत्तराखंड में 1 जुलाई यानि आज से महात्मा गांधी नरेगा की जगह विकसित भारत-जी राम जी योजना लागू कर दी गई है। ग्रामीण विकास मंत्रालय के निर्देशों के तहत शुरू की गई इस योजना में अकुशल श्रमिकों को एक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों का रोजगार और 300 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी मिलेगी।
सचिव ग्राम्य विकास धीराज गर्ब्याल ने बताया कि योजना के तहत 318 प्रकार के कार्य शामिल किए गए हैं, जिनमें जल संरक्षण, ग्रामीण अवसंरचना, आजीविका और आपदा न्यूनीकरण से जुड़े कार्य प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 91.57 प्रतिशत सक्रिय श्रमिकों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है, जबकि शेष जॉब कार्ड धारकों से एक सप्ताह के भीतर ग्राम पंचायत या विकासखंड कार्यालय में ई-केवाईसी कराने की अपील की गई है। नए ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्ड बनने तक पुराने जॉब कार्ड मान्य रहेंगे।
इसके साथ ही सचिव ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी 2.0) की सर्वेक्षण सूची को अंतिम रूप देने के लिए ग्राम सभाओं में खुली बैठकें आयोजित की जा रही हैं। पात्र लाभार्थियों के सत्यापन की अंतिम तिथि 10 जुलाई निर्धारित की गई है।
