वसूली अभियान मोर्चा नामक सोशल मीडिया फेसबुक अकाउंट पर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कथित आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट डाले जाने को लेकर कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने कड़ी नाराजगी जताई। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह के नेतृत्व में देहरादून पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी और दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
पूर्व में भी की गई थी शिकायत
प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी को सौंपे पत्र में आरोप लगाया कि इस सोशल मीडिया अकाउंट के संचालक द्वारा कांग्रेस नेताओं के विरुद्ध लगातार कुप्रचार किया जा रहा है। इस संबंध में गणेश गोदियाल ने 28 दिसंबर 2025 को लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए प्राथमिकी दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की थी।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि उस शिकायत पर अब तक कार्रवाई न होने से संबंधित अकाउंट संचालक के हौसले बुलंद हैं।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पर वीडियो पोस्ट का आरोप
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि 28 फरवरी 2026 को उक्त फेसबुक पेज पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के खिलाफ एक वीडियो पोस्ट की गई, जिससे उनकी राजनीतिक एवं सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इससे ऐसा प्रतीत होता है कि सोशल मीडिया संचालक को शासन-प्रशासन का संरक्षण प्राप्त है।
दोहरे मापदंड का आरोप
कांग्रेस प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि जहां आम नागरिकों के खिलाफ शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाती है, वहीं विपक्षी नेताओं की शिकायतों पर संज्ञान नहीं लिया जा रहा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में न्याय सभी के लिए समान होना चाहिए और पुलिस प्रशासन को तटस्थ भाव से जांच कर कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि कानून व्यवस्था पर जनता का विश्वास बना रहे।
आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों पर आईटी एक्ट की धाराओं में तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
प्रतिनिधिमंडल में डॉ. प्रतिमा सिंह, सुजाता पॉल, अमरजीत सिंह, पंकज क्षेत्री, आशीष नौटियाल, प्रशांत खंडूरी, मनीष गौनियाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
