देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित हिमाद्रि आइस रिंक के जीर्णोद्धार की प्रथम वर्षगांठ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और अतिथियों का स्वागत करते हुए आइस रिंक की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड हॉकी आइस टीम की जर्सी और पे एंड प्ले पोर्टल का भी विधिवत विमोचन किया। उन्होंने कहा कि “हिमाद्रि” देश की एकमात्र अंतरराष्ट्रीय स्तर की आइस रिंक है, जो न केवल उत्तराखण्ड बल्कि पूरे भारत के लिए गौरव का विषय है और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2011 में स्थापित इस आइस रिंक में साउथ एशियन विंटर गेम्स जैसे बड़े आयोजन हुए थे, लेकिन बाद में यह बंद हो गई थी। राज्य सरकार ने इसे पुनर्जीवित करने का संकल्प लेते हुए करीब साढ़े 8 करोड़ रुपये की लागत से इसका जीर्णोद्धार कराया और पिछले वर्ष इसे पुनः शुरू किया गया। इसके संचालन के लिए एक मेगावाट क्षमता का सोलर पावर प्लांट भी स्थापित किया गया है।
उन्होंने कहा कि बीते एक वर्ष में यहां नेशनल आइस स्केटिंग चैंपियनशिप, एशियन ट्रॉफी और आइस हॉकी लीग जैसे कई बड़े आयोजन सफलतापूर्वक हुए हैं। साथ ही विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। जल्द ही प्रदेश के आठ शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी, जिससे खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण मिल सकेगा।
उन्होंने बताया कि हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना पर भी तेजी से कार्य हो रहा है। साथ ही नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेताओं को सरकारी नौकरी की सुविधा भी दी जा रही है।
इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, खेल मंत्री रेखा आर्य सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
