Uttarakhand: हेमकुंड साहिब यात्रा को सुरक्षा व व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए संयुक्त स्थलीय निरीक्षण

आगामी श्री हेमकुंड साहिब यात्रा 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। यात्रा के सफल, सुरक्षित और सुगम संचालन के उद्देश्य से चमोली पुलिस, भारतीय सेना और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने संयुक्त रूप से गोविंदघाट से श्री हेमकुंड साहिब तक संपूर्ण यात्रा मार्ग का गहन स्थलीय निरीक्षण किया।

23 मई से प्रारंभ होने वाली इस विश्व प्रसिद्ध यात्रा में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, यातायात और बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान सबसे पहले पुलना गांव तक की पार्किंग व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया, जहां तक वाहनों की आवाजाही होती है, ताकि यात्रा के दौरान ट्रैफिक सुचारू बना रहे।

इसके बाद अधिकारियों ने भ्यूंडार और घांघरिया स्थित पुलिस चौकियों का निरीक्षण किया। शीतकाल में बंद रहने वाली इन चौकियों को दोबारा संचालित करने के लिए आवश्यक संसाधनों और व्यवस्थाओं का बारीकी से मूल्यांकन किया गया। गौरतलब है कि इसी मार्ग से विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी का रास्ता भी जाता है, जहां पर्यटन सीजन में भारी भीड़ रहती है।

वर्तमान में अटलाकोटी से हेमकुंड साहिब तक का मार्ग भारी बर्फ से ढका हुआ है, जिसे साफ करने का कार्य भारतीय सेना के जवान युद्धस्तर पर कर रहे हैं। संयुक्त टीम ने बर्फ के बीच पैदल यात्रा करते हुए दरबार साहिब परिसर तक पहुंचकर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।

एसपी चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में प्रशासन यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि प्रत्येक श्रद्धालु को “मित्रता, सेवा और सुरक्षा” के वातावरण में यात्रा का अनुभव मिले। विपरीत मौसम और दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद सभी एजेंसियों के समन्वय से यात्रा को सफल बनाने के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *