केदारनाथ धाम हेली सेवा की फर्जी टिकट बुकिंग के नाम पर श्रद्धालुओं से करीब पांच लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी को रुद्रप्रयाग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान देहरादून निवासी राहुल थापा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, सिम कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड और आधार कार्ड बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी श्रद्धालुओं को केदारनाथ हेली सेवा की टिकट उपलब्ध कराने का झांसा देकर ऑनलाइन भुगतान कराता था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच कर आरोपी को गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जिला कारागार पुरसाड़ी (चमोली) भेज दिया गया।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि केदारनाथ हेली सेवा की बुकिंग केवल अधिकृत वेबसाइट heliyatra.irctc.co.in से ही करें। सोशल मीडिया पर प्रसारित अनाधिकृत लिंक, वेबसाइट या अनजान व्यक्तियों के झांसे में आकर किसी भी प्रकार का भुगतान न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।