मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को टिहरी गढ़वाल जिले के तपोवन स्थित बजरंग सेतु और प्लास्डा स्थित हिलांस हिमालयन भोजनालय का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों और स्थानीय आजीविका से जुड़े प्रयासों की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने परियोजनाओं की गुणवत्ता, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बजरंग सेतु की तकनीकी संरचना का लिया जायजा
मुख्य सचिव ने सबसे पहले तपोवन स्थित बजरंग सेतु का निरीक्षण किया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ओम प्रकाश ने उन्हें सेतु की इंजीनियरिंग संरचना, तकनीकी विशेषताओं और निर्माण संबंधी विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। मुख्य सचिव ने परियोजना की प्रगति और सुरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
हिलांस हिमालयन भोजनालय की व्यवस्थाएं देखीं
इसके बाद मुख्य सचिव ने विकासखंड नरेंद्रनगर के प्लास्डा स्थित हिलांस हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण किया। भोजनालय की संचालक बीना पुंडीर ने उन्हें यहां प्रतिदिन आने वाले ग्राहकों की संख्या और दैनिक बिक्री से संबंधित जानकारी दी।
पौधरोपण और बेहतर डिस्प्ले के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने भोजनालय परिसर के आसपास अधिक से अधिक पौधरोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने भोजनालय के मेन्यू को स्पष्ट और व्यवस्थित तरीके से प्रदर्शित करने को कहा, ताकि पर्यटकों और आगंतुकों को सुविधाजनक जानकारी उपलब्ध हो सके।
स्थानीय पर्यटन और आजीविका को मिलेगा बढ़ावा
मुख्य सचिव ने कहा कि स्थानीय स्तर पर पर्यटन और आजीविका से जुड़े ऐसे प्रयासों को और अधिक सशक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे न केवल स्थानीय लोगों की आय में वृद्धि होगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान सचिव लोक निर्माण विभाग डॉ. पंकज कुमार पांडेय, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, नगर पंचायत तपोवन की अध्यक्ष विनीता बिष्ट, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल, डीडीओ मोहम्मद असलम, ईओ तपोवन अंजलि और बीडीओ श्रुति वत्स सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
