मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर उनके डी.एल. रोड स्थित निजी आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट का सार्वजनिक जीवन समाज और प्रदेश के विकास के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने जनसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसे सदैव याद रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए ईश्वर से शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट के व्यक्तित्व और उनके जनसेवा के कार्यों को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
