पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री घोषणाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने और उनकी प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए प्रोग्राम इवैल्यूएशन एंड रिव्यू टेक्निक चार्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बिजली, पेयजल, वनाग्नि, मानव-वन्यजीव संघर्ष और सड़क से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए।
सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन घोषणाओं के शासनादेश अभी तक जारी नहीं हुए हैं, उन्हें 15 जून तक हर हाल में जारी किया जाए। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया।
इन विधानसभा क्षेत्रों की हुई समीक्षा
बैठक में यमकेश्वर, पौड़ी, श्रीनगर, चौबट्टाखाल, लैंसडाउन और कोटद्वार विधानसभा क्षेत्रों की प्रगति की समीक्षा की गई।
हर ब्लॉक में बनेगा बालिका छात्रावास
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि राज्य के प्रत्येक विकासखंड में बालिकाओं के लिए एक छात्रावास बनाया जाए। इसके लिए उन विद्यालयों को चिन्हित किया जाएगा, जहां छात्राओं की संख्या अधिक है और आवश्यक भूमि उपलब्ध कराई जाएगी।
धार्मिक स्थलों का होगा विकास
मुख्यमंत्री ने रघुनाथ मंदिर, लक्ष्मण मंदिर और सीता माता मंदिर को धार्मिक सर्किट के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।
शिक्षा और युवाओं पर फोकस
केंद्रीय विद्यालय खोलने के प्रस्तावों पर तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी प्रस्ताव केंद्र सरकार के मानकों के अनुरूप तैयार कर जल्द भेजे जाएं।
साथ ही युवाओं के लिए पौड़ी में मल्टीपरपज हॉल बनाने की बात कही, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी।
पार्किंग, रोपवे और सोलर पैनल पर जोर
मुख्यमंत्री ने रोपवे परियोजनाओं की अलग से समीक्षा करने, पार्किंग समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने और सरकारी कार्यालयों में सोलर पैनल लगाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में रहे ये प्रमुख लोग मौजूद
बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित कई विधायक और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
