मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को चमोली जनपद को 155.36 करोड़ रुपये की 63 विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी। गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित सेवा, सुशासन एवं समर्पण सेवा पखवाड़े के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 113.99 करोड़ रुपये की 36 योजनाओं का शिलान्यास और 41.37 करोड़ रुपये की 27 योजनाओं का लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं के माध्यम से सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, पशुपालन, पर्यटन, खेल और आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चमोली जनपद के समग्र विकास के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई और बाढ़ सुरक्षा से जुड़ी योजनाएं क्षेत्र के विकास को नई गति देंगी।

मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख योजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें जोशीमठ-नीति मार्ग पर जुग्जू में स्टील ट्रस पुल, लंगसी-द्वींग-तपोवन-लांजी-पोखनी मोटर मार्ग पर 78 मीटर लंबा लौह सेतु, विभिन्न मोटर मार्गों का विस्तार और पुनर्निर्माण, नंदानगर की पर्वतीय नहरों का पुनरोद्धार, बाढ़ सुरक्षा कार्य, मॉडल राजकीय पशु चिकित्सालय नंदप्रयाग, राइंका उज्ज्वलपुर भवन, सामुदायिक भवन और पार्किंग निर्माण सहित अनेक परियोजनाएं शामिल हैं।

वहीं लोकार्पित योजनाओं में गैरसैंण मुख्य मार्ग पर इंटरलॉकिंग टाइल्स कार्य, विभिन्न मोटर मार्गों का डामरीकरण और उन्नयन, जिला चिकित्सालय चमोली एवं बीपीएचयू पोखरी में भवन निर्माण, विद्यालयों में पुस्तकालय और विज्ञान प्रयोगशालाएं, गोपेश्वर स्पोर्ट्स स्टेडियम में बैडमिंटन हॉल, बैरागना ट्राउट इंडोर हैचरी तथा पर्यटन और सहकारिता से जुड़ी कई परियोजनाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से जनपद में संपर्क मार्गों की स्थिति बेहतर होगी, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं का विस्तार होगा तथा पर्यटन और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश भी दिए।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक भूपाल राम टम्टा, अनिल नौटियाल, लखपत बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।