श्री हेमकुण्ड साहिब के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए हैं। सिख समुदाय के इस पवित्र तीर्थ की यात्रा शुरू होते ही श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। श्रद्धा, आस्था और भक्ति के इस महापर्व को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए चमोली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में यात्रा मार्ग पर बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए प्रमुख पड़ावों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए घांघरिया क्षेत्र में आतंकवादी निरोधक दस्ता (एटीएस) की भी तैनाती की गई है। एटीएस की मौजूदगी से यात्रा मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था को अतिरिक्त मजबूती मिली है और हर संभावित खतरे पर पैनी नजर रखी जा रही है।
इसी क्रम में चौकी प्रभारी घांघरिया अमनदीप सिंह के नेतृत्व में एटीएस टीम ने पूरे घांघरिया चौकी क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान गुरुद्वारों, श्रद्धालुओं के ठहराव स्थलों, होटलों, घोड़ा पड़ाव और आसपास के संवेदनशील इलाकों का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
चमोली पुलिस ने श्रद्धालुओं को आश्वस्त करते हुए कहा है कि यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है श्रद्धालु निश्चिंत होकर यात्रा करें, आपकी सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है।
