Uttarakhand: एलयूसीसी चिट फंड घोटाला में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, पांच आरोपी गिरफ्तार

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने उत्तराखण्ड के चर्चित एलयूसीसी चिट फंड घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को देश के विभिन्न स्थानों से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सुशील गोखरू, राजेन्द्र सिंह बिष्ट, तरुण कुमार मौर्य, गौरव रोहिल्ला और ममता भंडारी शामिल हैं।

यह मामला लोनी अर्बन मल्टी स्टेट क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट को-ऑपरेटिव सोसायटी से जुड़ा है, जिस पर हजारों निवेशकों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है।

हाईकोर्ट के आदेश पर सीबीआई कर रही जांच

माननीय उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय के निर्देश पर वर्ष 2025 में एलयूसीसी घोटाले से संबंधित सभी एफआईआर सीबीआई को हस्तांतरित की गई थीं। इसके बाद सीबीआई ने 26 नवंबर 2025 को भारतीय दंड संहिता (IPC), भारतीय न्याय संहिता (BNS), उत्तराखण्ड निवेशकों के हितों का संरक्षण अधिनियम और अनियमित जमा योजनाओं पर प्रतिबंध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था।

एक लाख से अधिक निवेशकों से ठगी

सीबीआई जांच में सामने आया है कि उत्तराखण्ड में करीब एक लाख से अधिक लोगों को विभिन्न निवेश योजनाओं के नाम पर फंसाया गया। जांच एजेंसी के अनुसार निवेशकों से लगभग 800 करोड़ रुपये जमा कराए गए थे, जिनमें से आंशिक भुगतान तो किया गया, लेकिन करीब 400 करोड़ रुपये से अधिक की राशि की धोखाधड़ी सामने आई है।

मुख्य आरोपी समीर अग्रवाल विदेश फरार

सीबीआई के अनुसार इस पूरे घोटाले का मुख्य आरोपी समीर अग्रवाल अपनी पत्नी सानिया अग्रवाल के साथ विदेश फरार हो चुका है। एजेंसी ने उसके खिलाफ नोटिस और लुकआउट सर्कुलर जारी किए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है और तकनीकी निगरानी के माध्यम से लगातार कार्रवाई जारी है।

करोड़ों की संपत्तियां चिन्हित

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने घोटाले से अर्जित धनराशि से कई अचल संपत्तियां खरीदी थीं। सीबीआई ने इन संपत्तियों का विवरण उत्तराखण्ड सरकार के वित्त सचिव को सौंपते हुए उन्हें फ्रीज करने और पीड़ित निवेशकों को राहत दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया है।

अदालत में पेश किए जाएंगे आरोपी

गिरफ्तार सभी आरोपियों को सक्षम न्यायालय में पेश किया जा रहा है। सीबीआई ने कहा है कि मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *