हरिद्वार जिले के विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों से जुड़े करीब 100 लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ रहे हैं।

मनोज धनगर और एससी विभाग के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में कांग्रेस में शामिल हुए लोगों को गोदियाल ने पार्टी का पटका और माला पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल होने के साथ कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। वे घर-घर जाकर कांग्रेस की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाएं।

गोदियाल ने भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न, पेपर लीक और युवाओं पर लाठीचार्ज जैसे मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारें लोगों के मताधिकार और लोकतांत्रिक अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।

उन्होंने केदारनाथ और बदरीनाथ मंदिरों में हुई कथित धांधली का मुद्दा भी उठाया और कहा कि जनता इन मामलों का जवाब मांग रही है। उन्होंने नए कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस दौरान प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप, महामंत्री राजेंद्र सिंह शाह, अमरजीत सिंह, हुकुम सिंह कठैत समेत पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सदस्यता लेने वालों में शशिपाल, दीपक कोली, नितिन पाल, प्रदीप पाल, अजय पाल, जाहिद अली, सुखपाल, बॉबी चौधरी समेत करीब 100 लोग शामिल रहे।