Uttarakhand: शनिवार को मोबाइल पर बजेगा अलर्ट, घबराएं नहीं

उत्तराखंड के नागरिकों के मोबाइल फोन पर शनिवार, 2 मई को एक विशेष अलर्ट संदेश आएगा, जिसके साथ तेज घंटी भी बजेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह एक परीक्षण (टेस्ट) अलर्ट है, जिससे घबराने की जरूरत नहीं है।

यह अलर्ट सेल ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम के माध्यम से भेजा जाएगा। इसका उद्देश्य राज्य में स्थापित आपातकालीन सूचना प्रसारण प्रणाली की कार्यक्षमता का आकलन करना है, ताकि किसी आपदा की स्थिति में चेतावनी संदेश समय पर और प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंच सकें।

आपदा प्रबंधन विभाग की पहल

उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा यह परीक्षण राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से किया जा रहा है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि राज्य में आपदा पूर्व चेतावनी प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

क्या है उद्देश्य?

इस टेस्टिंग का मुख्य उद्देश्य—

  • अलर्ट संदेशों के प्रसारण की गति और प्रभावशीलता का आकलन
  • विभिन्न मोबाइल नेटवर्क में संदेश की पहुंच की जांच
  • आपदा के समय सटीक और त्वरित सूचना सुनिश्चित करना

जनता से अपील

प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस संदेश को केवल टेस्ट अलर्ट समझें और किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। इस अलर्ट पर किसी प्रकार की कार्रवाई करने की आवश्यकता नहीं है।

भविष्य में होगा लाभ

इस प्रणाली के जरिए भविष्य में मौसम पूर्वानुमान और आपदा संबंधी सूचनाएं समय रहते लोगों तक पहुंचाई जा सकेंगी। इससे संभावित आपदाओं के दौरान जन-धन की हानि को कम करने में मदद मिलेगी और प्रशासन व आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।

स्वदेशी तकनीक से नई पहल

भारत सरकार द्वारा स्वदेशी तकनीक का उपयोग करते हुए इस सेल ब्रॉडकास्ट सेवा की शुरुआत की जा रही है, जो आपदा के समय त्वरित चेतावनी देने में अहम भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *