Uttarakhand: सीएम धामी ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से की मुलाकात, राज्य के प्रमुख विषयों पर की चर्चा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भेंट की। इस दौरान उन्होंने राज्य से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की और सहयोगात्मक कार्रवाई का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने रानीखेत और लैंसडाउन छावनी क्षेत्रों को नगर पालिकाओं में विलय करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे इन क्षेत्रों में पर्यटन, आधारभूत संरचना और नागरिक सुविधाओं के विकास को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने रक्षा मंत्री से इस प्रस्ताव पर विचार करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने धारचूला और जोशीमठ के सैन्य हेलीपैड को उड़ान योजना के तहत आम नागरिक उड्डयन सेवा के लिए प्रयोग करने की अनुमति मांगी। उन्होंने कहा कि इससे सीमांत क्षेत्रों के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी और आपात सेवाएं मिल सकेंगी।

राज्य में आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्यों के दौरान भारतीय वायुसेना की सेवाओं के लिए लिए जाने वाले देय शुल्क को माफ करने का भी मुख्यमंत्री ने अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से यह भी अनुरोध किया कि ग्वालदम-नंदकेसरी-थराली-देवाल-मुन्दोली-वाण मोटर मार्ग का रखरखाव लोक निर्माण विभाग से ही करवाया जाए।

उन्होंने बताया कि यह मार्ग नंदा देवी राजजात यात्रा का प्रमुख मार्ग है। यह यात्रा हर 12 वर्षों में आयोजित होती है, और आगामी यात्रा वर्ष 2026 में प्रस्तावित है। यह यात्रा राज्य की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान से जुड़ी हुई है।

इस दौरान केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *