चोपता में रविवार को पांच दिवसीय तल्ला नागपुर कृषि औद्योगिक विकास मेले का शुभारंभ केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने किया। मेले में क्षेत्र की लोकसंस्कृति, पारंपरिक विरासत, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की झलक देखने को मिलेगी। इस दौरान विधायक ने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने के साथ ही किसानों, कारीगरों, महिला समूहों और स्थानीय उद्यमियों को स्वरोजगार एवं विपणन का बेहतर अवसर उपलब्ध कराते हैं।
उद्घाटन के बाद विधायक ने विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और स्वरोजगार से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने महिला समूहों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में ऐसे समूहों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मेले में स्कूली छात्र-छात्राओं और महिला मंगल दलों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। लोकगीतों और लोकनृत्यों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिली। विधायक ने प्रतिभागी बच्चों और महिला मंगल दलों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि लोकसंस्कृति और परंपराएं हमारी विशिष्ट पहचान हैं। इनके संरक्षण और संवर्द्धन में युवा पीढ़ी और महिला मंगल दलों की अहम भूमिका है।
विधायक ने कहा कि कृषि, उद्योग, पर्यटन और स्थानीय उत्पादों को एक मंच पर लाने वाले मेले ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देते हैं। सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने और महिलाओं एवं युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की है। ऐसे आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान बनाए रखने के साथ विकास की नई संभावनाएं भी पैदा करते हैं।
जिला पंचायत सदस्य संपन्न नेगी ने कहा कि तल्ला नागपुर कृषि औद्योगिक विकास मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, कृषि परंपराओं और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण आयोजन है।
इस अवसर पर मेला अध्यक्ष ललित मोहन मेवाल, तल्ला नागपुर संघर्ष समिति के अध्यक्ष अमित प्रदाली, सचिव वीरेंद्र कुनियाल, उपाध्यक्ष लक्ष्मण बर्तवाल, कोषाध्यक्ष यशपाल नेगी सहित मेला समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

