विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट मंगलवार को अन्नकूट एवं गोवर्धन पर्व के पावन अवसर पर अभिजीत मुहूर्त में दोपहर 12:05 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही मां गंगा की उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों, ढोल-दमाऊ की गूंज और सेना के बैंड की मधुर धुनों के बीच शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा (मुखीमठ) के लिए रवाना हो गई।
मंगलवार सुबह से ही धाम में कपाट बंद करने की धार्मिक तैयारियां शुरू हो गई थीं। निर्धारित मुहूर्त में विशेष पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर मां गंगा के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ छह माह के लिए बंद किए गए। इस दौरान धाम में श्रद्धालुओं की मौजूदगी और पारंपरिक धार्मिक आयोजनों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली की विदाई यात्रा शुरू हुई। देव डोलियों, लोक संस्कृति की मनमोहक छटा, ढोल-दमाऊ की गूंज और सेना के बैंड की धुनों के बीच डोली मुखबा के लिए रवाना हुई। डोली पहले दिन करीब 19 किलोमीटर की पैदल यात्रा तय करेगी। यात्रा के दौरान भैरव मंदिर होते हुए मार्कण्डेय पुरी स्थित देवी मंदिर में रात्रि विश्राम किया जाएगा।
इसके बाद 11 नवंबर को मां गंगा की उत्सव डोली मुखबा स्थित शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचेगी। अगले छह माह तक श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन मुखबा स्थित मंदिर में कर सकेंगे। शीतकाल के लिए कपाट बंद होने के साथ ही गंगोत्री धाम की यात्रा का इस वर्ष का धार्मिक चरण संपन्न हो गया।

