बॉलीवुड गायिका नेहा कक्कड़ ने मुंबई की भागदौड़ भरी जिंदगी से दूर ऋषिकेश में परिवार के साथ दीपावली का त्योहार मनाया। पति रोहनप्रीत सिंह के साथ तीर्थनगरी पहुंचीं नेहा ने गंगानगर स्थित अपने आवास पर परिजनों के बीच जमकर मस्ती की और त्योहार की खुशियां साझा कीं। सोमवार को उन्होंने बजरंग सेतु पहुंचकर वहां से दिखाई देने वाले खूबसूरत नजारों को कैमरे में भी कैद किया।
नेहा कक्कड़ के ऋषिकेश पहुंचने की जानकारी गोपनीय रखी गई थी। हालांकि, नौ नवंबर की शाम सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें वायरल होने के बाद प्रशंसकों को उनके तीर्थनगरी में होने का पता चला। नेहा के भाई विशाल कक्कड़ ने बताया कि काफी समय बाद नेहा ऋषिकेश आई हैं। मुंबई की व्यस्त जिंदगी से समय निकालकर उन्होंने इस बार दीपावली परिवार के साथ मनाने का फैसला किया।
इस दौरान नेहा ने अपने माता-पिता, मौसा-मौसी, भाई-भाभी शालू और भतीजियों वंशिका व परी के साथ खूब समय बिताया। परिवार के सदस्यों के साथ उन्होंने दीपावली की खुशियां साझा कीं।
विशाल ने बताया कि सोमवार सुबह नेहा बजरंग सेतु पहुंचीं। यहां से गंगा और आसपास के प्राकृतिक नजारों को निहारने के साथ उन्होंने तस्वीरें भी खिंचवाईं। इसके बाद वह स्वर्गाश्रम स्थित एक कैफे में भी गईं और कुछ समय बिताया। उन्होंने बताया कि मुंबई की व्यस्तता के बीच जब भी नेहा को मौका मिलता है, वह पति रोहनप्रीत के साथ ऋषिकेश के शांत और सुकून भरे माहौल में समय बिताने पहुंचती हैं। नौ नवंबर की रात करीब आठ बजे नेहा और रोहनप्रीत जौलीग्रांट एयरपोर्ट से मुंबई के लिए रवाना हो गए।

