केदारताल ट्रैक पर हिमपात और हिमस्खलन की चपेट में आकर लापता हुए सात ट्रैकर्स और एक गाइड की तलाश के दौरान रेस्क्यू टीम को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार को सर्च अभियान के दौरान हिमस्खलन में दबे एक महिला और एक पुरुष के शव बरामद किए गए। संयुक्त टीम ने काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बर्फ से बाहर निकाला। शेष लापता लोगों की तलाश के लिए बुधवार को फिर से सर्च अभियान चलाया जाएगा।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र उत्तरकाशी की ओर से तीन नवंबर को जारी रिपोर्ट के अनुसार, 30 अक्टूबर को शाम 6:39 बजे सोल सीकर ट्रैकिंग एजेंसी के संचालक ने सूचना दी थी कि गंगोत्री से केदारताल ट्रैकिंग के लिए एक दल रवाना हुआ था। वापसी के दौरान भारी हिमपात और हिमस्खलन के कारण सात ट्रैकर्स और एक गाइड समेत कुल आठ सदस्य करीब चार हजार मीटर की ऊंचाई पर लापता हो गए थे।
सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ और निम की संयुक्त टीम रेस्क्यू अभियान चला रही है। मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे सैटेलाइट फोन से प्राप्त सूचना के आधार पर टीम ने संभावित लापता स्थानों पर दोबारा सर्च अभियान शुरू किया। इस दौरान हिमस्खलन क्षेत्र में दबे एक महिला और एक पुरुष के शव मिले। टीम ने काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला। दोपहर करीब तीन बजे अभियान समाप्त होने के बाद रेस्क्यू टीम वापस बेस कैंप लौट आई।
रिपोर्ट के अनुसार, घटना स्थल पर वैकल्पिक हेलीपैड भी तैयार कर दिया गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर हेलीकॉप्टर की मदद ली जा सके। इसके लिए 30.951111 उत्तरी अक्षांश और 78.946944 पूर्वी देशांतर को चिह्नित किया गया है। यह स्थान समुद्र तल से करीब 4005 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है।
आपदा परिचालन केंद्र के अनुसार, चार नवंबर को लापता ट्रैकर्स और गाइड की तलाश के लिए फिर से सर्च अभियान चलाया जाएगा। रेस्क्यू अभियान की विस्तृत रिपोर्ट मिलने पर आगे की जानकारी साझा की जाएगी।

