केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल के प्रयासों से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ऊखीमठ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के रूप में उच्चीकृत करने का शासनादेश जारी हो गया है। इसके तहत आवश्यक चिकित्सकीय और अन्य पदों का सृजन भी किया जाएगा। इससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने और स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।

विधायक आशा नौटियाल ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऊखीमठ क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहा है।

उन्होंने बताया कि बीती 18 सितंबर को तहसील परिसर में क्षेत्रवासियों के बीच उन्होंने एक माह के भीतर पीएचसी के उच्चीकरण का शासनादेश जारी कराने का आश्वासन दिया था। शासनादेश जारी होने के साथ ही उन्होंने क्षेत्रवासियों से किया गया वादा पूरा किया है।

विधायक ने कहा कि पीएचसी के सीएचसी बनने से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। इससे स्थानीय नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जरूरतों और जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए उनके प्रयास जारी रहेंगे।

आशा नौटियाल ने इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग उनकी ताकत है। उन्होंने केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं सहित अन्य जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर काम करने का भरोसा भी दिलाया।