मानसून की विदाई के बाद भी बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। इससे मैदानी और पर्वतीय इलाकों में ठंड बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को नौ जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली चमकने और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। वहीं, अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।
इन जिलों में मौसम बिगड़ने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 10 अक्तूबर को देहरादून, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं मौसम बिगड़ सकता है। इन जिलों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, समुद्री क्षेत्रों से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके चलते बादल छाने, बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के अनुसार, अक्तूबर में मानसून की विदाई का मतलब बारिश का पूरी तरह समाप्त होना नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने और पर्याप्त नमी मिलने पर तेज बारिश व ओलावृष्टि हो सकती है।

