प्रेमनगर के मंडूवाला में डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की थी। मृतक को दोनों के प्रेम संबंध की जानकारी हो गई थी और उसने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद दोनों ने हत्या की साजिश रची। पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।

तीन अक्तूबर को डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल की खाई में शव पड़े होने की सूचना पर प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृतक की पहचान मदन मुखिया (38), निवासी बोनगांव, सहरसा, बिहार के रूप में हुई। वह मंडूवाला के झाझरा में रह रहा था। उसकी गर्दन पर धारदार हथियार के वार के निशान मिले थे। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और मकान मालिक की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मजदूरों का सत्यापन और मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के बाद पुलिस ने मंडूवाला स्थित बाला सुंदरी मंदिर के पास से ललन शर्मा (23) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने मदन की पत्नी मीना देवी (30) के साथ हत्या करने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने मीना को भी गिरफ्तार कर लिया। ललन की निशानदेही पर झाड़ियों से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया।

शराब पिलाने के बहाने जंगल ले गया

पुलिस के अनुसार, ललन मंडूवाला में मजदूरी करता है और मदन का पड़ोसी था। दोनों के बीच पिछले दो-तीन साल से प्रेम संबंध था। दो दिन पहले मदन ने ललन का फोन चेक किया तो उसमें मीना के साथ फोटो और वीडियो मिले। इसके बाद उसने दोनों को जान से मारने और संबंधों का खुलासा करने की धमकी दी।

पुलिस के मुताबिक, इसके बाद ललन और मीना ने मदन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। ललन शराब पिलाने के बहाने उसे डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में ले गया। वहां नशे की हालत में धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी गई और शव खाई में फेंक दिया गया। चाकू झाड़ियों में छिपा दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी: ललन शर्मा (23), निवासी सहरसा, बिहार और मीना देवी (30), पत्नी मदन।
बरामदगी: हत्या में प्रयुक्त चाकू।