उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। रेलवे मंत्रालय ने बांद्रा टर्मिनस–दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस का हरिद्वार तक विस्तार करने के साथ हरिद्वार–वेरावल एसी एक्सप्रेस और हरिद्वार–ओखा एसी एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी दी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री धामी ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को गति देने में बेहतर रेल कनेक्टिविटी की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में रेल सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। नई रेल सेवाओं और गरीब रथ के हरिद्वार तक विस्तार से उत्तराखंड आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के साथ ही व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि बेहतर रेल संपर्क से प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी। साथ ही, राज्य की आर्थिक गतिविधियों को भी इसका लाभ मिलेगा।