उत्तराखंड कांग्रेस 2 से 8 अक्तूबर तक प्रदेशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ मनाएगी। इस दौरान सभी जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों की ओर से ‘वोट बचाओ-देश बचाओ मार्च’ निकाला जाएगा। कांग्रेस ने निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर यह कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव राजेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि कार्यक्रम के तहत जिला एवं महानगर स्तर पर इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ संयुक्त बैठकें होंगी। इसके बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रम की रूपरेखा और उठाए जाने वाले मुद्दों की जानकारी दी जाएगी। ब्लॉक स्तर पर भी सहयोगी दलों के साथ समन्वय बैठकें कर मार्च में कार्यकर्ताओं की भागीदारी और अन्य व्यवस्थाएं तय की जाएंगी।
जिला स्तर पर होने वाला ‘वोट बचाओ-देश बचाओ मार्च’ स्थानीय स्तर पर तय मार्ग के अनुसार डॉ. भीमराव आंबेडकर या महात्मा गांधी की प्रतिमा अथवा जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय तक निकाला जाएगा। मार्च के समापन पर राष्ट्रगान के बाद संविधान के अनुच्छेद 326 का सार्वजनिक वाचन किया जाएगा। यह अनुच्छेद वयस्क मताधिकार से संबंधित है।
भंडारी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े मुद्दे भी उठाए जाएंगे। कांग्रेस की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पद से हटाने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार और कवरेज के लिए प्रदेश एवं जिला सोशल मीडिया विभाग को जिम्मेदारी दी गई है। अंतिम चरण के कार्यक्रमों में जिला एवं महानगर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। कांग्रेस ने सभी जिलों में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित करने और अधिक से अधिक राजनीतिक एवं सामाजिक प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
