लगातार हो रही भारी बारिश के चलते गौरीकुंड से करीब 2.5 किलोमीटर आगे चीरवासा के पास मलबा और पत्थर गिरने से केदारनाथ धाम का पैदल मार्ग अवरुद्ध हो गया है। लगातार बारिश और पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण रविवार को मार्ग को यातायात के लिए सुचारु नहीं किया जा सका। ऐसे में केदारनाथ धाम की पैदल यात्रा भी प्रभावित रही।

प्रशासन के अनुसार चीरवासा क्षेत्र में लगातार पत्थर गिरने से मार्ग को खोलने में सुरक्षा संबंधी चुनौतियां बनी हुई हैं। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए फिलहाल मार्ग पर आवाजाही शुरू नहीं की गई है। मार्ग को सुरक्षित बनाने और मलबा-पत्थर हटाने का कार्य मौसम की स्थिति को देखते हुए किया जाएगा।

प्रशासन सोमवार सुबह मौसम और पैदल मार्ग की स्थिति का जायजा लेगा। इसके बाद मार्ग को आवागमन के लिए पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु किए जाने की स्थिति में ही केदारनाथ धाम की पैदल यात्रा दोबारा शुरू करने के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।

पुलिस-प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे फिलहाल सुरक्षित स्थानों पर रहें और स्थानीय स्तर पर जारी किए जा रहे दिशा-निर्देशों का पालन करें। खराब मौसम के दौरान संवेदनशील स्थानों पर अनावश्यक आवाजाही से बचने को कहा गया है।