उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्र में फंसे ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सोमवार को हर्षिल हेलीपैड पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद सेना, वायुसेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और आपदा प्रबंधन की संयुक्त टीमों से ट्रेकर्स की लोकेशन, मौसम की स्थिति और अब तक चलाए गए हवाई व पैदल रेस्क्यू अभियान की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने कहा कि विपरीत मौसम और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सभी टीमें आपसी समन्वय के साथ रेस्क्यू अभियान में जुटी हैं। ट्रेकर्स को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित निकालने का प्रयास किया जा रहा है। मौसम की चुनौती के बीच हवाई और पैदल दोनों माध्यमों से अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है।

डीएम ने हर्षिल हेलीपैड पर रेस्क्यू होकर पहुंचने वाले ट्रेकर्स के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हेलीपैड पर एंबुलेंस और चिकित्सा दल पर्याप्त संख्या में तैनात रहें, ताकि जरूरत पड़ने पर ट्रेकर्स को तत्काल उपचार मिल सके।

इसके साथ ही रेस्क्यू किए गए लोगों को तत्काल प्राथमिक उपचार देने के साथ गर्म कपड़े, भोजन और पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। प्रशासन की ओर से राहत सामग्री की उपलब्धता बनाए रखने को भी कहा गया है।

रेस्क्यू अभियान में सेना, वायुसेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें संयुक्त रूप से जुटी हैं। दुर्गम क्षेत्र और खराब मौसम के कारण अभियान में चुनौतियां बनी हुई हैं, लेकिन ट्रेकर्स की सुरक्षित वापसी को प्राथमिकता देते हुए अभियान लगातार जारी है।