मौसम विभाग के 26 सितंबर को जारी रेड अलर्ट को देखते हुए केदारनाथ धाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित कर दी गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने आज दोपहर से 27 सितंबर तक यात्रा रोकने का निर्णय लिया है। मौसम सामान्य होने के बाद यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।
जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, रुद्रप्रयाग की ओर से जारी आदेश के बाद यात्रा मार्ग पर तैनात सभी सेक्टर अधिकारियों, चेक पोस्ट और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक केदारनाथ धाम की यात्रा न करें। साथ ही मौसम संबंधी प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहने को कहा गया है।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि मौसम की स्थिति सामान्य होने के बाद ही यात्रा पुनः शुरू की जाएगी। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

