उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदल ली है। चमोली जिले के हेमकुंट साहिब समेत प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है, जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी है। उत्तरकाशी समेत प्रदेशभर में मौसम सुहावना हो गया है। बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान में भी गिरावट महसूस की जा रही है।

केदारनाथ धाम और बदरीनाथ में बारिश हो रही है, जबकि आसपास की ऊंची पहाड़ियों पर हल्की बर्फबारी जारी है। मौसम के इस बदलाव से धामों में ठंड बढ़ गई है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बना हुआ है और वे बारिश के बीच धामों में दर्शन कर रहे हैं।

केदारनाथ धाम में बारिश के बीच मंदिर परिसर में बज रही घंटियों की मधुर ध्वनि श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति करा रही है। बाबा केदार के दर्शन कर श्रद्धालु सुखद आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त कर रहे हैं। वहीं, बदरीनाथ धाम में भी मौसम बदलने से आसपास की चोटियां बर्फ की सफेद चादर से ढकने लगी हैं।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई बर्फबारी ने पहाड़ों की खूबसूरती बढ़ा दी है। बारिश और बर्फबारी से जहां पर्यटकों और श्रद्धालुओं को बदले मौसम का अनुभव हो रहा है, वहीं स्थानीय लोगों को ठंड का अहसास भी बढ़ गया है।