भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों में राज्यसभा की रिक्त होने वाली सीटों के लिए द्विवार्षिक निर्वाचन कार्यक्रम जारी कर दिया है। उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होगा। आयोग के कार्यक्रम के अनुसार चुनाव प्रक्रिया 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होने के साथ शुरू होगी।

उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए भी इसी दिन मतदान होगा। पश्चिम बंगाल में एक राज्यसभा सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा। उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल का कार्यकाल पूरा होने के चलते यह सीट रिक्त हो रही है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रत्याशी छह अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे, जबकि नौ अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान के बाद 16 अक्टूबर को ही मतगणना और परिणाम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।