मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत की विकास यात्रा में युवा सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। युवाओं की सोच, मेहनत और नवाचार की क्षमता प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं को शिक्षा, रोजगार और कौशल के लिए अपना पहाड़ छोड़ने की मजबूरी न हो।
काशीपुर के एक निजी होटल में आयोजित युवा विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 17 विद्यालयों के 1400 से अधिक विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों के विचार और सुझाव सुने तथा विभिन्न सवालों के जवाब दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के पास नया विजन और आउट ऑफ द बॉक्स सोच है। ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान के दौरान विद्यार्थियों से मिले सुझावों ने उनका भरोसा और मजबूत किया है कि प्रदेश का भविष्य सक्षम हाथों में है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय संचालित हैं और सरकारी विद्यालयों में एनसीईआरटी आधारित पाठ्यक्रम लागू किया गया है। देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी विकसित की जा रही है। स्टार्टअप, नवाचार और डिमांड आधारित कौशल को बढ़ावा देकर युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, रोजगार देने वाला बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
विद्यार्थियों के सवालों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और उन्हें सरकारी सेवाओं से जोड़ने के लिए युवा आयोग काम करेगा। अग्निवीरों के भविष्य के लिए अग्निवीर सेल गठित किया जा रहा है। एआई और तकनीक को चुनौती के साथ अवसर बताते हुए उन्होंने युवाओं से आधुनिक तकनीक के अनुरूप खुद को तैयार करने का आह्वान किया।
भ्रष्टाचार पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। रिश्वत मांगने या अनुचित दबाव बनाने पर टोल-फ्री नंबर 1064 या संबंधित मोबाइल एप पर शिकायत की जा सकती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।