केदारनाथ धाम की पैदल यात्रा रविवार को सुबह नौ बजे के बाद शुरू होगी। गौरीकुंड से करीब 2.5 किमी ऊपर चीरवासा के समीप क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग पर सुबह छह से नौ बजे तक सुधारीकरण कार्य किया जाएगा। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए इस दौरान पैदल आवाजाही बंद रहेगी।
प्रशासन के अनुसार, सुबह नौ बजे के बाद सोनप्रयाग और गौरीकुंड से केदारनाथ जाने वाले यात्रियों को पैदल यात्रा शुरू कराई जाएगी। वहीं केदारनाथ से लौट रहे यात्रियों को भीमबली से आगे पैदल जाने की अनुमति दी जाएगी।
चीरवासा क्षेत्र में पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण यात्रियों की सुरक्षा के लिए यह व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने यात्रियों से मार्ग सुधार कार्य में सहयोग करने और सुरक्षा व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।
