पीपलकोटी क्षेत्र में टीएचडीसी की निर्माणाधीन सुरंग में 13 अगस्त को हुए हादसे के पीड़ित परिवारों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से आर्थिक सहायता दी जाएगी। हादसे में जान गंवाने वालों के निकटतम आश्रितों को दो-दो लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि मिलेगी।

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से इस संबंध में चमोली जिलाधिकारी को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अवर सचिव प्रदीप कुमार श्रीवास्तव की ओर से जारी निर्देशों के बाद जिला प्रशासन ने सहायता राशि के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है।

प्रशासन की ओर से हादसे के पीड़ितों और उनके परिजनों से आवश्यक दस्तावेज तथा बैंक खातों का विवरण जुटाया जा रहा है। लाभार्थियों का पूरा विवरण और जरूरी दस्तावेज आधिकारिक एक्स-ग्रेशिया पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे, ताकि सहायता राशि का जल्द हस्तांतरण हो सके।

जिला प्रशासन ने प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना शुरू कर दिया है। प्रशासन का प्रयास है कि हादसे से प्रभावित परिवारों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से स्वीकृत सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराई जा सके।