गौचर में बंद घर का ताला तोड़कर जेवर समेत अन्य सामान चोरी करने वाले शातिर आरोपी को कर्णप्रयाग पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए दो जोड़ी चांदी के कंगन, दो जोड़ी पायल, सूटकेस और जैकेट बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ चमोली, रुद्रप्रयाग और पौड़ी गढ़वाल के विभिन्न थानों में चोरी समेत कई मामले पहले से दर्ज हैं।
20 अगस्त को वार्ड नंबर छह, गौचर निवासी सत्यपाल सिंह चौधरी ने कोतवाली कर्णप्रयाग में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उपचार के लिए देहरादून गए थे। लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अलमारियों को भी क्षतिग्रस्त किया गया था। चोर घर से उनके नाती के चांदी के कंगन व पायल समेत सूटकेस और जैकेट ले गया था।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो 14-15 अगस्त की रात करीब 11 बजे से सुबह चार बजे के बीच एक संदिग्ध व्यक्ति घर की ओर जाता दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर मुखबिर तंत्र सक्रिय कर उसकी तलाश शुरू की गई। शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे गौचर-रुद्रप्रयाग मोटर मार्ग पर सरस्वती विद्या मंदिर के आगे प्रतीक्षालय के पास पुलिस ने संदिग्ध को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उमेद सिंह भंडारी (35), निवासी कंडारा, कर्णप्रयाग के रूप में हुई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस बढ़ाई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2017 से 2024 तक चोरी और अन्य धाराओं में छह मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम: चौकी प्रभारी गौचर उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुसाईं, हेड कांस्टेबल अशोक रावत, हेड कांस्टेबल हरेन्द्र नेगी और होमगार्ड विपिन राणा।
