स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, अमर शहीदों और वीर जवानों को नमन करते हुए राज्य के विकास और जनकल्याण से जुड़ी सात महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है। सैनिकों और शहीद परिवारों के सम्मान के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। शहीदों के आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये और परमवीर चक्र विजेताओं के परिवारों की राशि 50 लाख से बढ़ाकर दो करोड़ रुपये की गई है।

युवाओं के लिए बड़ी सौगात

सीएम ने प्रदेश में पहले युवा आयोग के गठन की घोषणा की। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना के तहत 18 से 30 वर्ष के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए योजनाएं शुरू की जाएंगी। आईआईटी और आईआईएम जैसे संस्थानों के सहयोग से निशुल्क उद्यमिता एवं कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। उद्यम लगाने के लिए बैंक ऋण की 30 प्रतिशत राशि सरकार अनुदान के रूप में देगी।

तीन जिलों में बनेंगे औद्योगिक पार्क

चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित किए जाएंगे। सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार व उद्यम के लिए अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना में राज्यांश 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये करने की भी घोषणा की गई।

खेल और शिक्षा पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकारी स्कूलों में 11वीं-12वीं के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी। पहले चरण में 10 हजार विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। वहीं स्पोर्ट्स लीगेसी प्लान के तहत आठ शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी।

समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।