स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाऊवाला पहुंचकर शहीद अमित कुमार अणथ्वाल के परिजनों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने शहीद के पिता नागेंद्र प्रसाद अणथ्वाल समेत परिवार के सदस्यों का हालचाल जाना और वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के उत्सव के साथ उन वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को याद करने का भी अवसर है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि शहीद परिवारों का सम्मान पूरे समाज और राष्ट्र का सम्मान है। राज्य सरकार शहीदों के परिजनों के साथ हमेशा खड़ी है।

केरन सेक्टर में पांच आतंकियों को किया था ढेर

पौड़ी गढ़वाल के कल्जीखाल ब्लॉक के ग्राम क्वाला निवासी अमित कुमार अणथ्वाल वर्ष 2011 में गढ़वाल राइफल्स में भर्ती हुए थे। बाद में वह 4 पैरा स्पेशल फोर्स में शामिल हुए। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा के केरन सेक्टर में अप्रैल 2020 में आतंकियों के खिलाफ अभियान के दौरान उन्होंने अदम्य साहस का परिचय दिया। अभियान में उनके साथियों ने पांच आतंकियों को मार गिराया। इस दौरान अमित समेत पांच जवानों ने देश की रक्षा करते हुए बलिदान दिया।

उनकी वीरता के लिए उन्हें मरणोपरांत सेना मेडल से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद अमित अणथ्वाल का नाम उत्तराखंड की वीरभूमि के उन अमर सपूतों में हमेशा सम्मान और गर्व के साथ लिया जाएगा।