चमोली जिले के ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमकनाला में बेली ब्रिज बहने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहत-बचाव और कनेक्टिविटी बहाली की कमान संभाल ली है। मंगलवार को मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी चमोली और गढ़वाल मंडल आयुक्त से स्थिति की जानकारी लेते हुए प्रभावित क्षेत्रों में राशन, दवाइयों और अन्य जरूरी सामान की आपूर्ति बाधित न होने देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करने और ज्योतिर्मठ-मलारी मार्ग पर आवाजाही जल्द बहाल करने के लिए सभी संभावित विकल्पों पर तत्काल काम करने को कहा। जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों से ग्रामीणों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

सोमवार को तमकनाला में अचानक जलप्रवाह बढ़ने से 123 बीआरटीएफ, सुराईथोटा द्वारा बनाया गया बेली ब्रिज बह गया था। तेज बहाव में एक व्यक्ति और कैंपर वाहन के बहने की सूचना मिली थी। घटना के बाद एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर भेजी गईं।

मुख्यमंत्री ने नदी-नालों और निचले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के साथ जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। वहीं राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से संवेदनशील क्षेत्रों की 24 घंटे निगरानी की जा रही है।