मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले के दशोली विकासखंड स्थित खैनूरी गांव को जोड़ने वाली आपदा प्रभावित सड़क के क्षतिग्रस्त होने का तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कर आवागमन बहाल करने के निर्देश दिए हैं।
ग्रामीणों ने दूरभाष पर मुख्यमंत्री को बताया कि आपदा के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे गांव के करीब 120 परिवारों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी चमोली और संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित सड़क को शीघ्र दुरुस्त कर ग्रामीणों के लिए सुरक्षित और सुचारु आवागमन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मौके का आकलन कर आवश्यकता के अनुसार सभी जरूरी कदम उठाने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की बहाली में किसी प्रकार की देरी न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकता है। दूरस्थ क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई कर आमजन को राहत पहुंचाना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है।
