परिवहन विभाग की नई वाहन पंजीकरण श्रृंखला UK08 BM शुरू होते ही फैंसी (VIP) नंबरों के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। ऑनलाइन ई-नीलामी में वाहन स्वामियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिसके चलते कई आकर्षक पंजीकरण नंबरों पर लाखों रुपये की बोलियां लगीं। सबसे अधिक चर्चा UK08 BM 0009 की रही, जिसके लिए 5.40 लाख रुपये की सर्वाधिक बोली लगी। ई-नीलामी से परिवहन विभाग को उल्लेखनीय राजस्व प्राप्त हुआ है।
ऑनलाइन नीलामी में UK08 BM 0001 के लिए 4.91 लाख रुपये, 0007 के लिए 3.88 लाख रुपये, 0008 के लिए 1.73 लाख रुपये, 0002 के लिए 1.41 लाख रुपये तथा 9000 नंबर के लिए 91 हजार रुपये की बोली प्राप्त हुई। इसके अलावा 0005, 0006, 0004, 1111, 8888, 5555, 0101, 0099, 0077 और 0999 जैसे लोकप्रिय नंबरों के लिए भी वाहन मालिकों ने उत्साहपूर्वक बोली लगाई।
परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार फैंसी नंबरों की इस ई-नीलामी से राज्य सरकार को अच्छा राजस्व प्राप्त हुआ है। यह इस बात का भी संकेत है कि लोग अपनी पसंद और पहचान से जुड़े विशेष पंजीकरण नंबरों के लिए अतिरिक्त राशि खर्च करने को तैयार हैं। ऑनलाइन ई-ऑक्शन प्रणाली के कारण पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और सुविधाजनक रही।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) हरिद्वार निखिल शर्मा ने बताया कि नई श्रृंखला शुरू होते ही नागरिकों ने फैंसी नंबरों के प्रति भारी रुचि दिखाई। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग की ऑनलाइन ई-नीलामी व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी है और इच्छुक नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी पसंद का पंजीकरण नंबर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि फैंसी नंबरों से होने वाली आय राज्य सरकार के लिए महत्वपूर्ण राजस्व का स्रोत है और भविष्य में भी इस प्रकार की ई-नीलामी नियमित रूप से आयोजित की जाती रहेगी।
