लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित छात्रों की गूंज कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम स्थल बन्नू स्कूल मैदान में बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह सहित वरिष्ठ नेताओं ने पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की और आयोजन से जुड़े इंतजामों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मंच, सभा स्थल, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों, आगंतुकों की व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियों की जानकारी ली। नेताओं ने आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों से चर्चा कर कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि 17 जुलाई को आयोजित होने वाला छात्रों की गूंज कार्यक्रम युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का मंच बनेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रही है।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप, सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, सह प्रभारी मनोज यादव, देहरादून महानगर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष लालचंद शर्मा, पूर्व विधायक राजकुमार, अमरजीत सिंह सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
